तंबाकू खाते हुए पकड़े लोग, वसूला जुर्माना
मेरठ। सार्वजनिक स्थानों को तंबाकू मुक्त कराने के लिए विकास भवन में सख्ती शुरू की गई है। इसी क्रम में सोमवार को अभियान चलाया गया। विकास भवन में आने वाले बाहरी लोगों और कर्मचारियों पर सख्ती करते हुए तंबाकू पर जुर्माना लिया जाएगा। सुबह दस बजे से शुरू हुए अभियान में दस लोगों से 200 रुपये जुर्माना वसूला गया। मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन ने बताया कि यह अभियान जारी रखा जाएगा। जिससे लोगों को तंबाकू मुक्त अभियान के लिए भी जागरूक किया जा सके।
शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन ने निरीक्षण के समय विकास भवन में कई स्थानों पर पीक दिखने पर नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद ही उन्होंने नाजिर नौरत्न सिंह को सख्त निर्देश देते हुए अभियान चलाने के लिए कहा था। सोमवार को नाजिर ने सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक अभियान चलाते हुए तंबाकू खाने वाले लोगों से जुर्माना वसूले। वहीं, विकास भवन में जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से ‘तंबाकू मुक्त’ स्लोगन लिखा गया है। जिससे आने वाले लोग तंबाकू न खाने के लिए प्रेरित हो सकें।