मामला यूपी के मेरठ का है जहां लालकुर्ती थाना क्षेत्र में कंपनी गार्डन के पास मंगलवार को बाइक सवार चार बदमाशों ने पुलिस बताकर एक दंपति से कीमती आभूषण लूट लिए। रुड़की रोड स्थित गोल्डन एवेन्यू कॉलोनी निवासी आरके बंसल की पीएल शर्मा रोड पर कावेरी कांप्लेक्स में फोटो स्टेट की दुकान हैं। उनकी पत्नी मिथलेश बंसल भी उनके साथ दुकान का कामकाज देखती हैं। आरके बंसल का कहना है कि मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से दुकान जा रहे थे। कंपनी गार्डन के पास पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इस बीच दूसरी बाइक से दो अन्य युवक भी वहां आ गए।
युवकों ने दंपति से कहा वे पुलिस में है और गश्त कर रहे हैं। शहर में आए दिन लूटपाट हो रही है,इसलिए ज्वैलरी पहनकर सड़क पर निकलना खतरे से खाली नहीं है। ज्वैलरी हमें दे दो। इसके बाद उन्होंने महिला के हाथ से सोने के तीन कड़े, चेन और अंगूठी उतरवा ली। जबकि महिला के पति की भी अंगूठी उतरवा ली। इस बीच बदमाशों ने महिला से ज्वैलरी लूट ली।
विरोध करने पर मारपीट की और पिस्टल तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। बाद में बदमाश बाइक से मोदीपुरम की तरफ फरार हो गये। सूचना पर लालकुर्ती इंस्पेक्टर रघुराज सिंह और सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने लालकुर्ती थाने में लूट की तहरीर दी है। वहीं इंस्पेक्टर लालकुर्ती रघुराज सिंह का कहना है कि दंपति से लूट नहीं ठगी हुई है। जेवर उतरवाने के बाद एक पुड़िया में रखे और और दूसरी पुड़िया थमा दी। बाद में महिला के पति ने देखा तो ठगी का पता चला। तहरीर के आधार पर ठगी का मामला दर्ज कर लिया।
हालांकि शहर में यह ऐसा पहला मामला नहीं है जब बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूट की हो। इससे पहले कांवड़ यात्रा के दौरान भी सीसीएस यूनिवर्सिटी के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से इसी तरह कीमती आभूषण लूट लिए थे। बदमाशों ने महिला से कहा था कि वे पुलिस में हैं और चैकिंग कर रहे हैं।
महिला से चेन झपटी
ब्रहमपुरी क्षेत्र के सूर्या पैलेस निवासी प्रिया मंगलवार देरशाम शापिंग कर अपने घर जा रही थी। इस बीच पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला से चेन झपट ली। इस दौरान आसपास के लोगों ने लुटेरों का पीछा किया, लेकिन सुराग नहीं लगा। मौके पर पहुंची ब्रहमपुरी पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी ली। एसपी सिटी रणविजय सिंह का कहना है कि मोबाइल लूट की सूचना मिली थी, चेन लूट की जानकारी नहीं है।