मोदीपुरम (मेरठ)। वेस्ट यूपी में मानसून के दस्तक देने से पहले गर्मी से राहत के आसार नहीं दिखाई दे रहे है। बृहस्पतिवार को तापमान में अचानक उछाल आया और यह 39 डिग्री तक पहुंच गया। दिनभर हवा थमी रहने के कारण लोग गर्मी से बेहाल नजर आए।
प्रदेश में भले ही मानसून ने दस्तक दे दी हो, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक मानसून आने में अभी वक्त है। लगातार तापमान बढ़ने से लोगों का बुरा हाल है। बृहस्पतिवार को दिनभर लोग पसीने से तरबतर नजर आए। दोपहर में सड़कों पर वाहनों का आवागमन कम रहा। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 65 व न्यूनतम 48 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा शांत रही। आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि मानसून से पहले राहत मिलने के आसार नहीं है। जल्द ही तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में 22-23 जून को मानसून की बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद वेस्ट यूपी के अन्य जिलों में मानसून दस्तक देगा।