परीक्षितगढ़/हस्तिनापुर। परीक्षितगढ़ स्थित नवीन गुड़ मंडी स्थित सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। सुबह से ही सैकड़ों लोगों की भीड़ खरीदारी के लिए जमा हो रही है। इसके बाद भी मंडी समिति के लोग ध्यान नहीं दे रहे। नगर के लोगों ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की है। वहीं हस्तिनापुर की सब्जी में भी यही हाल है।
थाना पुलिस सुबह से ही नगर में गश्त लगाना शुरू कर देती है। नगर में तो व्यापारी मान रहे हैं, लेकिन सब्जी मंडी में खूब भीड़ लग रही है। सब्जी के थोक विक्रेता लॉक डाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। सब्जी मंडी में लावड़, हस्तिनापुर, मवाना, बहसूमा, जेई, भावनपुर सहित परीक्षितगढ़ के करीब 60 गांवों के लोग सुबह 5 बजे मंडी में खरीदारी के लिए पहुंच जाते हैं। मंडी में सैकड़ों लोग मौजूद रहते हैं। नगरवासियों का कहना है आसपास के सब्जी विक्रेता भी मंडी में पहुंच रहे है। इससे नगर में कोरोना वायरस फैलने की आशंका बनी हुई है। पुलिस को इस और ध्यान देना चाहिए। वहीं मंडी समिति के सचिव लोकेश मोहन ने बताया कि भीड़ की शिकायत मिली है। यदि व्यापारियों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया तो उनके खिलाफ समिति कार्रवाई करते हुए दुकान निरस्त करेगी। वहीं सीओ सदर देहात अखिलेश भदौरिया ने बताया कि व्यापारियों को चेतावनी देते हुए लॉक डाउन का पालन करने के निर्देश दिए है। यदि ऐसा नहीं किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खुली रहीं दुकानें
हस्तिनापुर। नगर में प्रशासन ने सुबह 6 बजे से 9 बजे तक फल, सब्जी व किराना की दुकानें खोलने की अनुमति दी है। वहीं बाजार और सब्जी मंडियों में काफी भीड़ नजर आ रही है। मंगलवार को नगर की सब्जी मंडी में काफी भीड़ रही। आढ़ती खुलेआम सोशल डिस्टेंसिग की धज्जियां उड़ा रहे हैं। वहीं पुलिस के लापरवाही के कारण मुख्य मार्ग पर थाने के समीप ही स्कूटर मोटर साइकिल की रिपेयरिंग की दुकान भी खुली हुई थी।