मेरठ। हृदय रोगियों के लिए शीतलहर ज्यादा खतरनाक साबित हो रही है। 16 दिसंबर 2024 से 6 जनवरी 2025 तक एलएआरएम मेडिकल कॉलेज की हृदय रोग ओपीडी में 4549 मरीज पहुंचे हैं, जिनमें से 225 हार्ट अटैक के रहे। पिछले साल एक दिसंबर से 15 दिसंबर तक यह संख्या तकरीबन आधी थी। इस दौरान 2671 मरीज पहुंचे थे, जिनमें हार्ट अटैक के 113 मरीज थे। ठंड बढ़ने के साथ मरीजों की संख्या बढ़ती चली गई। हृदयघात वालों में करीब 90 प्रतिशत 30 से 50 साल उम्र वाले रहे। इतना ही नहीं, इसी उम्र वालों में सबसे ज्यादा हार्ट अटैक के लक्षण भी पाए गए।
-
धूम्रपान, मधुमेह और तनाव बड़ा कारण
मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरज सोनी ने बताया कि युवाओं में हार्ट अटैक के लक्षणों की मुख्य वजह धूम्रपान (स्मोकिंग) करना, उच्च रक्तचाप (हाई ब्लडप्रेशर), मधुमेह (डायबिटीज) और तनाव (स्ट्रेस) निकला। इसके अलावा मोटापा और गलत खानपान भी इसके लिए बड़े जिम्मेदार हैं। हृदय रोगों से बचना है तो ब्लड प्रेशर, शुगर और मोटापे पर नियंत्रण रखें। धूम्रपान न करें और तनाव कम लें। हृदय संबंधी अपनी जांच कराते रहें। जिन मरीजों में सीने में दर्द, घबराहट, अचानक पसीना आना और ब्लड प्रेशर कम होने की शिकायत हो, उन्हें तुरंत हृदय रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए।
-
संकरी हो जाती हैं रक्त वाहिनियां
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ राजीव अग्रवाल ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ हृदय रोगियों की धड़कन बढ़ने लगती हैं। सर्दी में ऑक्सीजन की कमी रहती है, जिससे रक्त वाहिनियां संकरी हो जाती हैं। दिल के रोगियों की तकलीफ बढ़ जाती है। ब्लडप्रेशर सामान्य से कुछ ज्यादा रहता है, जो दिल के रोगियों के लिए परेशानी का सबसे बड़ा कारण है। जिन लोगों का कॉलेस्ट्रॉल व ट्राइग्लिसराइड बढ़ा रहता है उनके लिए यह मौसम खासा खतरनाक होता है। दिल के मरीजों में घबराहट, हाई ब्लड प्रेशर, सीने में दबाव या जकड़न बढ़ जाती है। सर्दियों में शारीरिक सक्रियता कम हो जाती है। इससे भी रक्त का दाब बढ़ जाता है। रक्तदाब बढ़ने से स्ट्रोक, हार्ट अटैक और कार्डिएक अरेस्ट का खतरा बढ़ जाता है।
-
पिछले साल कम उम्र में हार्ट अटैक से मृत्यु के मामले
21 जून 2024 : जानी क्षेत्र में 17 साल के किशोर की स्वीमिंग पूल से निकलते ही मौत।
17 जून 2024 : परतापुर क्षेत्र में 30 साल के युवक की वाटर पार्क में मौत।
28 अप्रैल 2024 : लिसाड़ी गेट क्षेत्र में 25 साल की युवती की डांस करते हुए मौत।
13 मई 2024 : जिला कारागार में बंद 28 साल के युवक की मौत।
-
ब्लड प्रेशर पर ऐसे करें काबू
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि ब्लड प्रेशर को काबू में रखने के लिए मीठा, नमकीन और खट्टा कम खाएं। धूप सेकें। हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित होने पर अधिक ठंड में सुबह के समय दवा लेकर ही बाहर निकलें। संतुलित, पोषक और ताजा भोजन खाएं। अल्कोहल और कैफीन के सेवन से बचें, क्योंकि ये शरीर से उष्मा को तेजी से बाहर निकालते हैं।
-
सिर पर पानी डालकर करते हैं नहाने की शुरुआत तो तुरंत बदल लीजिए आदत
फिजिशियन डॉ. तनुराज सिरोही ने बताया कि सर्दियों में ज्यादा ठंडे पानी से नहाना और उसकी शुरुआत सिर से करना खतरनाक हो सकता है। इससे ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है। दरअसल, ब्लड सर्कुलेशन ऊपर से नीचे यानी सिर से पैर की तरफ होता है। अगर सीधे सिर पर ठंडा पानी डालते हैं तो मस्तिष्क की महीन नलिकाएं सिकुड़ जाती हैं। सिर ठंडा होने लगता है, जिसके चलते ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। ऐसे में हार्ट अटैक या दिमाग की नस फटने का खतरा रहता है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए पहले पैरों पर पानी डालें और फिर शरीर के अन्य हिस्सों पर।