जिला पंचायत सदस्य ने सीएमओ से मिलकर ज्ञापन देकर मशीन लगाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माछरा में अल्ट्रासाउंड मशीन की अनुपलब्धता के कारण मरीजों और गर्भवती महिलाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए, जिला पंचायत सदस्य पंडित भूदेव शर्मा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मेरठ से मुलाकात कर सीएचसी माछरा में अल्ट्रासाउंड मशीन लगवाने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य पंडित भूदेव शर्मा ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन न होने से केंद्र पर आने वाले मरीजों विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को परेशानी हो रही है। इस मुद्दे को लेकर वे सीएमओ मेरठ, डॉ. रामप्रसाद से मिले और उन्हें सीएचसी माछरा में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कराने तथा एक प्रशिक्षित ऑपरेटर की नियुक्ति के लिए एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीएचसी माछरा में ही अल्ट्रासाउंड कराने की सुविधा मिल सकेगी।
सीएमओ डॉक्टर रामप्रसाद ने आश्वासन दिया है कि सामुदायिक केंद्र माछरा में अल्ट्रासाउंड मशीन की अनुपलब्धता की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग प्राथमिकता के आधार पर माछरा सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द ही पूरी करेगा।