आरएसएस नेता की हत्या करने वालों को भी सप्लाई कर चुका हथियार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर व कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह के परवेज उर्फ फर्रू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से बने और अधबने हथियार भी बरामद किए हैं। 2017 में आरएसएस नेता रविंद्र गोसाई के हत्यारोपियों को भी आरोपी ने हथियार सप्लाई किए थे। इस मामले में एनआईए ने उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए असलम के साथ कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस को मंगलवार को लिसाड़ी गेट इस्लामाबाद तंबाकू गोदाम वाली गली निवासी असलम के मकान में पिस्टल बनाने की फैक्टरी सूचना मिली थी। मंगलवार रात सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार व एसओ कोतवाली योगेंद्र सिंह ने टीम के साथ असलम के मकान पर दबिश दी। पुलिस टीम को देख आरोपी मौके से फरार हो गए थे। देर रात पुलिस ने असलम को चिंदौड़ी पुलिया पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। उसके पैर में गोली लगी थी। बुधवार को एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने इसी गिरोह के परवेज उर्फ फर्रू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक पिस्टल और पिस्टल बनाने का सामान बरामद किया। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।