मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के भगवतपुरा में बुधवार शाम भाजपा के पूर्व पार्षद नितिन बच्चन के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। नितिन बच्चन वर्तमान में राशन डीलर हैं। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिस पर भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा के साथ पार्टी कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और हंगामा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
आरोप है कि कार्रवाई की मांग को लेकर वह थाने पहुंचे तो पुलिस ने टरका दिया। पीड़ित ने इसकी सूचना भाजपा नेताओं को दे दी। शहर विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे कमलदत्त शर्मा, पार्षद अरूण मचल और पूर्व पार्षद राकेश गौड़ समेत अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तो हंगामा शांत हुआ। बाद में नितिन ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है। संवाद