लिसाड़ी गेट की समर गार्डन कॉलोनी में हथियार बंद आधा दर्जन बदमाशों ने पावरलूम मालिक और उसके भाई के घर छह लाख की डकैती डाल दी। बदमाशों ने बच्चों और महिलाओं को तमंचे के बल पर आतंकित किया। महिला को तमंचे की बट से पीटा।
समर गार्डन में आयशा मस्जिद के निकट इरशाद और दिलशाद पुत्र हामिद का मकान है। दिलशाद पावरलूम मालिक है तो इरशाद ऑटो रिक्शा चलाता है। बुधवार रात दिलशाद पावरलूम पर गया था। इरशाद और परिजन घर में सोए थे। इरशाद ने पुलिस को बताया कि रात करीब डेढ़ बजे छह नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। बाहर बरामदे में उनकी मां नफीसा और बच्चे सोए हुए थे। बदमाशों ने नफीसा से तमंचे के बल पर कमरा खुलवाया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दे दी।
कमरे में घुसे बदमाशों ने इरशाद की पत्नी सानिया के जेवर उतरवाते हुए अलमारी की चाबी मांगी। न देने पर सानिया के मुंह से तमंचा सटा दिया। जिसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात लूट लिये। इसके बाद बदमाशों ने दंपति से तमंचे के बल पर दिलशाद की पत्नी राबिया का कमरा खुलवाया। बदमाशों ने राबिया और उसके बच्चों को तमंचे से आतंकित करते हुए उसके संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात और करीब दस हजार की नगदी लूट ली। राबिया ने विरोध किया तो उसकी कनपटी पर तमंचे की बट मारी और पेट में घूंसा मारा।
पीड़ित परिजनों ने बताया कि बदमाश सभी लोगों के हाथ पैर बांधकर उन्हें कमरे में बंद कर फरार हो गए। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने बाहर सो रही भतीजी अक्षा से दरवाजा खुलवाया। जिसके बाद डकैती का शोर मच गया। सूचना पर लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची। इरशाद ने बताया कि बदमाश दोनों भाईयों के घर से करीब छह लाख के जेवर, दस हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर ले गए। जबकि एक मोबाइल फोन तोड़ गए।
तहरीर दी या नहीं
पीड़ित परिजनों ने दावा किया कि उन्होंने बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को घटना की तहरीर दे दी। जबकि इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट ने बताया कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर आने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
चार माह पूर्व शादी
इरशाद ने बताया कि उसकी शादी चार महीने पहले ही हुई थी। बदमाश उसकी बीवी के शादी में मिले जेवरों के अलावा उसकी भाभी के भी जेवर ले गये। उसके शरीर से भी जेवर उतरवा लिए गए।
पुलिस को बताया तो खैर नहीं
बकौल इरशाद बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर कमरे में डालते हुए धमकाया था कि यदि उन्होंने इस घटना की शिकायत पुलिस से की या हाथ पैर मारे तो वह कल फिर से आकर उन्हें गोली मार देंगे। बच्चों को भी गोली मारने की धमकी उन्होंने दी।