मेरठ। परीक्षितगढ़ पुलिस पर मीट की अवैध दुकान चलवाने का आरोप लगाते हुए राधा गार्डन निवासी अशोक कुमार ने आईजी रेंज नचिकेता झा से शिकायत की है। आईजी ने सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला को मामले की जांच सौंपी है। अशोक कुमार ने बताया कि कस्बे में बिना लाइसेंस मीट की बिक्री हो रही है। आरोप है कि कुछ लोग पुलिस से मिलीभगत कर इस काम को करा रहे हैं। इसके साक्ष्य शिकायतकर्ता के पास हैं। कस्बे में मिनी कमेले में अवैध पशु कटान कर मीट कई जगह सप्लाई होता है। सप्लाई करने वाले वाहन पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी है। पूर्व में थाना पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।