परीक्षितगढ़। आर्मी के जवान का माइनर में शव मिलने पर परिवार के लोगों ने उसके साथ लूटपाट होने के बाद हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक जवान का गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बता दें कि तीन दिन पूर्व नगर के समीप राधना माइनर में ग्राम आलमगीरपुर बढ़ला निवासी आर्मी का जवान हरजेंद्र पुत्र रामबीर का शव मिला था। मंगलवार रात पोस्टमार्टम के बाद उसका गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बुधवार को मृतक का भाई बलविंद्र सिंह ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि हरजेंद्र आर्मी रूड़की हेड क्वारटर में तैनात था। लॉकडाउन से पहले वह घर पर छुट्टी आया हुआ था। 30 जून को वह छुट्टी काट कर घर से एक बैग, कागजात, 7 हजार रुपये, मोबाइल, गले में चेन और सोने की अंगूठी पहन कर ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था। लेकिन जब उसका शव माइनर में मिला तो उसके पास न तो बैग, कागजात, मोबाइल, सोने की अंगूठी व चेन गायब थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके भाई की लूट के बाद उसकी हत्या कर माइनर में शव को फेंका गया है। वहीं हरजेंद्र को तैरना भी आता था और माइनर में बहुत कम पानी चलता है उसमें कोई भी व्यक्ति डूब नहीं सकता। पीड़ित परिवार ने उसकी हत्या होने की आशंका जताते हुए पुलिस से मोबाइल की लोकेशन से घटना के खुलासे की मांग की। वहीं पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नही की गई। थानाध्यक्ष मिथुन दीक्षित ने बताया कि आर्मी के जवान का शव मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर जांच की जा रही है।