माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। अखिल भारतीय ब्राह्मण हीरोज संगठन की ओर से नौचंदी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर में युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें विवाह योग्य प्रस्ताव के लिए लगभग 150 युवक-युवतियों ने भाग लिया। विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने समाज को जोड़े रखने में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर जोर दिया।
अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा ने कहा कि परिचय सम्मेलन जैसा आयोजन समाज को सही दिशा भी देता है। कार्यक्रम में वैवाहिक परिचय पत्रिका का विमोचन और समाजसेवियों का सम्मान भी किया गया। विशिष्ट अतिथियों ने ब्राह्मण समाज के इतिहास पर प्रकाश डाला और भगवान परशुराम के जीवन दर्शन को अपनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में ब्राह्मण समाज के हित में कार्य करने वाले कई लोगों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सुरेश चंद्र शर्मा, अरविंद शर्मा, रजनीश श्माार्, विनय शर्मा, नरेंद्र शर्मा, विमल शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।