यूजी वार्षिक में डेढ़ घंटे का होगा पेपर, करने होंगे कम सवाल
मेरठ। एक सितंबर से होने वाली परीक्षाओं का समय घटा दिया गया है। इनमें यूजी में वार्षिक प्रणाली की परीक्षा अब दो घंटे की जब डेढ़ घंटे की ही होगी। इसके अलावा सेमेस्टर और पीजी कोर्सों में तीन घटे की परीक्षा को घटाकर दो घंटे कर दिया गया है।
बीए-बीएससी-बीकॉम फाइनल में ऑब्जेक्टिव परीक्षा होती है। यह दो घंटे की होती है। इसमें सौ सवाल पूछे जाते हैं। कोरोना महामारी को देखते हुए परीक्षाओं का समय और सवाल घटाए गए हैं। इसमें पेपर पहले से तैयार होने की वजह से सवाल तो 100 ही आएंगे लेकिन करने सिर्फ 75 होंगे। परीक्षा की पाली का समय दो घंटे का है, लेकिन यूजी फाइनल वाले छात्र डेढ़ घंटे में परीक्षा देकर निकल सकते हैं। यूजी में सेमेस्टर और पीजी में सेमेस्टर वाले कोर्सों की परीक्षाएं तीन घंटे की होती हैं। इन सभी को दो घंटे किया गया है। पेपर आने के बाद हर कमरे में शिक्षक छात्र-छात्राओं को बताएंगे कि उन्हें कितने सवाल छोड़ने हैं। यानी छात्रों को सवालों के विकल्प पहले से ज्यादा मिलेंगे। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि इस बारे में सभी छात्र-छात्राओं को रोजाना परीक्षा कक्ष में भी दिशा निर्देश दिए जाएंगे। ये नियम सभी परीक्षाओं पर लागू होंगे। इनमें वार्षिक प्रणाली के साथ ही सेमेस्टर में ट्रेडिशनल, प्रोफेशनल और बीएड की परीक्षाएं हैं। प्रश्नों के विकल्प को लेकर किसी को कोई भी परेशानी होती है तो परीक्षा सेंटर पर उनको पूरी जानकारी दी जाएगी।