- जिले के 48 केंद्रों पर हुआ आयोजन, सुबह की पाली में 65, शाम को 67 फीसदी रहे हाजिर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) रविवार को जनपद के 48 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हुई। सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली में पंजीकृत 22051 में से 14459 (65.6 प्रतिशत) अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 7592 अनुपस्थित रहे। दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक दूसरी पाली में पंजीकृत 22041 में से 14780 (67.05 प्रतिशत) अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 7261 अनुपस्थित रहे। हालांकि अधिकांश परीक्षार्थियों ने पेपर को सरल बताया।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने राम सहाय इंटर कॉलेज, इस्माईल नेशनल महिला पीजी कॉलेज, आरजी डिग्री कॉलेज समेत कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों में बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। एडीजी मेरठ जोन भानू भास्कर, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति और एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने सुरक्षा व्यवस्था देखी। एडीजी ने सिटी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं परीक्षार्थियों की सुविधाओं हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। एडीजीनने बताया कि शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न हुई है।
परीक्षा में पूछे गए कुछ प्रश्न
परीक्षा में प्रश्न आया कि दादाभाई नौरोजी ने ब्रिटिश हाउस ऑफ कॉमन्स में किस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 1921 में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का स्वरूप किसने तैयार किया था। स्वदेशी आंदोलन के दौरान डिजाइन किए गए तिरंगे झंडे पर बने आठ कमल किसका प्रतिनिधित्व करते थे। खान अब्दुल गफ्फार खान द्वारा स्थपित खुदाई खिदमतगार आंदोलन को किस अन्य नाम से भी जाना जाता था। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान मुंबई में गुप्त कांग्रेस रेडियो की शुरूआत किस स्वतंत्रता सेनानी ने की थी।
परीक्षार्थी बाेले- आसान से मध्यम रहा प्रश्न पत्र
बरेली निवासी अर्जुन यादव ने बताया कि परीक्षा में आसान से मध्यम प्रश्न पत्र रहे। हालांकि कुछ सवाल कठिन भी रहे।
मुरादाबाद के वसीम ने बताया कि सामान्य ज्ञान पर फोकस करना उनके काम आया। पेपर सरल था। उनका अच्छा पेपर गया।
एटा नकुल ने बताया कि इस परीक्षा में सामान्य प्रश्न आए। वह लंबे समय से पीईटी की तैयारी कर रहा है।
दिल्ली निवासी पूजा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर तलाशी का तरीका बदलना चाहिए। प्रश्न पत्र पूरी तरह से मध्यम रहा।
एडीजी ने किया केंद्रों का निरीक्षण
मेरठ। संवाद