मेरठ। श्रीनाथ क्रिकेट एकेडमी में खेले जा रहे अंडर-13 अचीवर कप में बृहस्पतिवार को टूर्नामेंट का फाइनल मैच पंचवटी व डीएमए के बीच खेला गया। इसमें पंचवटी क्रिकेट एकेडमी ने आठ विकेट से फाइनल मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
डीएमए क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 28.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 160 रन का लक्ष्य जीत के लिए दिया। इसमें शुभांकर ने 61, केशव कुमार ने 27, केशव ने 20 रन का योगदान दिया। पंचवटी की ओर से गेंदबाजी करते हुए हर्ष और नव्या ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंचवटी क्रिकेट एकेडमी ने 17 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर दिया। टीम की ओर से उमंग यादव ने 44 गेंद पर 15 चौके की मदद से 89 रन की पारी खेली।
डीएम की ओर से गेंदबाजी में सूरज सोम ने एक विकेट लिया। पंचवटी ने आठ विकेट से फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। मैन ऑफ द मैच उमंग यादव और फाइटर ऑफ द मैच शुभांकर को चुना गया। मैन ऑफ द सीरिज केशव कुमार रहे। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज उमंग यादव को चुना गया। इस मौके पर पंचवटी कालेज की सचिव प्राची गुप्ता, प्रधानाचार्य मनोज गुप्ता, राकेश कुमार, रत्नेश यादव, आयोजक कोच उमेश कुमार आदि ने सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आयुष रापूत, वंश सेन, एमएस स्पोर्ट्स, लोहान स्पोर्ट्स आदि का विशेष योगदान रहा।