मवाना। कृषक डिग्री काॅलेज में छात्र-छात्राओं की समस्याओं के संबंध में कॉलेज में ही सप्ताह भर के बाद छात्र पंचायत का आयोजन किया जाएगा। छात्र संघ के पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने बताया कि कृषक डिग्री कॉलेज में छात्र-छात्राएं बीते काफी समय से शिक्षक-कर्मचारी विवाद में पिस रहे हैं। कई माह से कॉलेज में किसी पर भी प्राचार्य का चार्ज नहीं होने से छात्रों की पढ़ाई एवं शिक्षण कार्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। बीते दिनों तहसील पर हुए धरने-प्रदर्शन के बाद छात्रों की योगा विषय में परीक्षाएं तो हुई, लेकिन प्राचार्य के नहीं होने से उक्त विषय के अंक विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सके हैं। छात्र पूर्व महामंत्री अंकित अधाना के नेतृत्व में मंडलायुक्त कार्यालय और जिलाधिकारी कार्यालय भी गए, लेकिन समाधान नहीं हो सका। अंकित अधाना ने कहा कि अब वह छात्रों की समस्या को लेकर किसी भी अधिकारी के पास नहीं जाएंगे। कॉलेज में ही सप्ताह भर के बाद छात्र पंचायत की जाएगी। जिसमें कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं को बुलाया जाएगा। समाधान नहीं होने पर छात्र पंचायत के बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी।