राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल व मनीषा अहलावत संयुक्त रूप से की जनसुनवाई
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल व मनीषा अहलावत ने संयुक्त रूप से महिलाओं से संबंधित मामलों में जनसुनवाई की। जनसुनवाई में 20 प्रकरण पुलिस विभाग, एक प्रकरण विकास प्राधिकरण तथा एक प्रार्थना पत्र सरधना तहसील में जमीन विवाद का आया। सभी 22 मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सर्किट हाऊस में महिलाओं की समस्या सुनवाई के दौरान डॉ हिमानी अग्रवाल ने कहा कि सभी अधिकारी महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर करें। महिलाओं से भी कहा कि वह खुलकर अपनी बात राज्य महिला आयोग की सदस्यों के सामने जनसुनवाई के दौरान रखें। मनीषा अहलावत ने कहा कि पुलिस अधिकारी महिला उत्पीड़न से संबंधित घटनाओं का संज्ञान प्राथमिकता पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई करें।
इस दौरान श्रम विभाग घनश्याम सिंह, बीएसए आशा चौधरी, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार, डीआईओएस राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी आदेश कौर, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर विनीता आदि मौजूद रहे।