पहले चरण के ग्राम प्रधान चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन करने वालों की खूब भीड़ उमड़ी। अंतिम दिन प्रधान पद के लिए 371 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए।
अब प्रधान पद पर कुल 877 उम्मीदवार मैदान में आ गए हैं। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए भी उम्मदीवारों ने उत्साह दिखाया।
मेरठ ब्लाक में ग्राम प्रधान के 21 पदों के लिए मंगलवार को 76 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। यहां प्रधान पद के उम्मीदवारों की कुल संख्या अब 196 हो गई है। ग्राम पंचायत सदस्य के 281 पदों के लिए कुल 365 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
रोहटा ब्लाक के ग्रामीणों में पर्चा भरने को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। ब्लाक में 39 ग्राम प्रधान पदों के लिए कुल 314 पर्चे दाखिल किए गए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान ग्राम पंचायत सदस्यों की लंबी लाइन देर शाम तक जारी रही। प्रत्याशी अपने समर्थकों को लेकर बैंड बाजे के साथ ब्लाक कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान ब्लाक कार्यालय में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के नो ड्यूज समेत फीस जमा करने वालों की लंबी कतार लगी रही।
जानी ब्लाक में मंगलवार को 44 ग्राम प्रधान और 584 पंचायत सदस्यों के पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया का काम पूरा हो गया। ग्राम प्रधान पद के लिए कुल 367 और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए 719 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन जमा किए।
यहां 44 ग्राम प्रधान पदों और 584 पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन हुए। ग्राम प्रधान के पदों के लिए 153 और पंचायत सदस्यों के लिए 583 नामांकन जमा किए गए। चुनाव अधिकारी डॉक्टर मनवीर सिंह के अनुसार अब ग्राम प्रधान पदों के लिए कुल 367 और पंचायत सदस्यों के लिए 719 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नामांकन पत्रों की जांच बुधवार और बृहस्पतिवार को होगी।
लगा रहा जाम
मंगलवार को भी सुबह से ही प्रत्याशी ढोल-नगाड़ोें और भारी भीड़ के साथ नामांकन करने के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। इसके चलते दिन भर मेरठ बागपत मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
जाम खुलवाने के लिए पुलिस दिन भर मशक्कत करनी पड़ी। सीओ सरधना ब्रिजेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ जानी ब्लाक परिसर में मौजूद रहे।