मेरठ। सरधना स्थित मोंटफोर्ट स्कूल के मैदान में खेली जा रही अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को पंचवटी क्रिकेट एकेडमी और मोंटफोर्ट एकेडमी के बीच मैच खेला गया। पंचवटी एकेडमी ने 25 रन से मैच जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंचवटी एकेडमी ने 37.4 ओवरों में सभी विकेट खोकर 198 रन बनाए। इसमें लक्षित राणा ने 42, नव्या ने 28, शिवम चौधरी ने 27 व लविश सैनी ने 23 रन का योगदान दिया। मोंटफोर्ट के गेंदबाज रीता ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोंटफोर्ट एकेडमी की टीम 173 रन ही बना सकी। इसमें आदिब ने 78 रनों की पारी खेली और ताहिर ने 30 रन बनाए। पंचवटी एकेडमी के गेंदबाज वंश सेन ने तीन व नव्या ने दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच रही नव्या को कोच गुलफाम, कोच उमेश वर्मा ने ट्राफी देकर सम्मानित किया। संवाद