संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। खरखौदा स्थित श्रीवान्या क्रिकेट एकेडमी में चल रहे अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को युवा क्रिकेट एकेडमी और पंचवटी क्रिकेट एकेडमी के बीच मैच हुआ। इसमें पंचवटी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 120 रन से जीत प्राप्त की।
पंचवटी क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 39.2 ओवरों में सभी विकेट खोकर युवा क्रिकेट एकेडमी को 240 रन का विशाल लक्ष्य दिया। इसमें टीम की ओर से उमंग यादव ने 66, केतन ने 46 व तुषार पाल ने 33 रन बनाए। युवा एकेडमी के गेंदबाज आदित्य ने चार और सालिक ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी युवा क्रिकेट एकेडमी की टीम 25.2 ओवर में मात्र 119 रनों पर सिमट गई। इसमें आदित्य ने 26 व मोक्ष ने 20 रन बनाए। पंचवटी के गेंदबाज आर्यन आर्या ने पांच विकेट चटकाए। वंश सेन, नव्या, लविश सैनी, हर्ष ने एक-एक विकेट लिया। पंचवटी ने 120 रन से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मैन ऑफ द मैच रहे आर्यन आर्या को विपिन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कोच उमेश, अभिषेक राय आदि मौजूद रहे।