संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मवाना रोड स्थित जेपी क्रिकेट एकेडमी में चल रहे प्रथम रघुवीर सिंह भाटी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दो मैच खेले गए। इसमें पंचवटी क्रिकेट एकेडमी और बीडीएस क्रिकेट एकेडमी की टीम ने शानदार जीत प्राप्त की।
पहले मैच में पंचवटी क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 30 ओवर के निर्धारित मैच में 234 रनों का लक्ष्य रखा। एसएएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से युवी ने तीन और आयुष ने तीन विकेट लिए। पंचवटी की ओर से केतन ने 106 और उमंग ने 77 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएएस क्रिकेट एकेडमी की टीम 23.4 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई। एसएएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से आदर्श ने 45 और भव्य ने 18 रन बनाए।
पंचवटी की ओर से नव्या ने चार विकेट लिए। पंचवटी की टीम ने 124 रन से बड़ी जीत प्राप्त की। दूसरे मैच में जीसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 30 ओवर के निर्धारित मैच में 206 रनों का स्कोर बनाया। इसमें बीडीएस एकेडमी की तरफ से कार्तिक ने चार व अथर्व ने तीन विकेट लिए।
जीसीए की ओर से रिया भाटी ने 63 तथा विवान ने 44 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीडीएस क्रिकेट एकेडमी 29.5 ओवर में 207 रन का लक्ष्य नौ विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। बीडीएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से विशु ने 51 और रोहित कुमार ने 47 बनाए। जीसीए की ओर से आरव ने चार और विवान और अल्ताफ ने 2-2 विकेट लिए। इस मौके पर कोच सनी भाटी, सचिन गौतम, उमेश कुमार, दीपक आदि मौजूद रहे।