फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वेस्ट यूपी में 'फिल्म पद्मावत' का चौतरफा विरोध, भंसाली का पुतला फूंक किया ये बड़ा ऐलान

Tue, 23 Jan 2018 08:11 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
फिल्म पद्मावत का विरोध करते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

फिल्म पद्मावत के विरोध में राजपूत समाज के लोगों ने बड़ा जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन कर हंगामा किया। इस दौरान फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली का पुतला जलाने को लेकर उनकी पुलिस के साथ नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। राजपूत समाज के लोगों ने विवादस्पद फिल्म का प्रसारण करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी। 25 जनवरी को फिल्म पद्मावत महानगर के तीन सिनेमा घरों में प्रसारित होनी थी। लेकिन सिनेमा घरों के संचालकों को डराने धमकाने के बाद उन्होंने फिल्म न दिखाने का निर्णय लिया है। वहीं मुजफ्फरनगर में भी क्षत्रिय समाज के युवाओं ने एलान किया कि जिस सिनेमाघर या मॉल में इस फिल्म का प्रसारण होगा, उसमें आग लगाने वाले को क्षत्रिय समाज उसे एक लाख रुपये का इनाम देगा। 

विज्ञापन


मंगलवार को राजपूत उत्थान सभा, सर्व युवा शक्ति भारत, करणी सेना, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सैंकड़ों युवा गांधी पार्क मैदान में एकत्र हुए। यहां से पद्मावत फिल्म के प्रसारण का विरोध करते हुए जुलूस के रूप में फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली के पुतले की शव यात्रा बनाकर घंटाघर, रेलवे रोड, कोर्ट रोड, दीवानी तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। 

हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार व एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह कोतवाली सदर बाजार, थाना जनकपुरी, सिटी कोतवाली, थाना कुतुबशेर पुलिस-फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आंदोलन कर रहे संगठनों के पदाधिकारियों की कलेक्ट्रेट तिराहे पर पुलिस के साथ नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। सर्व युवा शक्ति भारत के प्रदेश अध्यक्ष कुनाल राणा ने कहा कि क्षत्रिय समाज अपमान किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। फिल्म पद्मावत का किसी सिनेमाघर में प्रसारण नहीं होने दिया जाएगा। चाहे उन्हें किसी भी हद तक जाना पड़े, वह पीछे नहीं हटेंगे। महानगर अध्यक्ष नागेंद्र राणा, कान्हा राणा, राजन सिंह ने कहा कि फिल्म के साथ छेड़छाड़ कर इतिहास बदलने का प्रयास किया गया है। सिनेमाघर में फिल्म दिखाई गई तो इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष डा. कुशलपाल सिंह पुंडीर ने कहा कि कोई भी सिनेमा मालिक जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पद्मावत को प्रसारित ना करे। आलोक तुली, संदीप राणा, आदित्य राणा, हेमंत राणा, राहुल झांब, मोहित राणा, अभिषेक सिसौनी, प्रताप सिंह, अमित राणा, शिव कुमार राणा, विजय शर्मा, अजय चौधरी, गोल्डी गुप्ता, भूपेंद्र राणा, वीर राणा, मेघराज राणा, अशोक पुंडीर सहित सैंकड़ों युवा मौजूद रहे। 
विज्ञापन

 
पुतले को लेकर छीना-झपटी 
फिल्म पद्मावत के विरोध में राजपूत समाज सहित विभिन्न हिंदू संगठन लामबंद है। मंगलवार को फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली के पुतले को लेकर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां पुतला जलाने को लेकर उनकी पुलिस के साथ छीना झपटी भी हुई। युवकों ने पुतले में आग लगाने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मी पुतला छीनकर ले गए। प्रदर्शन के दौरान कई इलाकों में जाम लग गया। शहर के घंटाघर, कोर्ट रोड, जिला अस्पताल पुल, सदर तिराहा और दिल्ली रोड पर जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ा। लोग घंटो जाम में फंसे रहे।

तीनों सिनेमाघर नहीं दिखाएंगे फिल्म
25 जनवरी को फिल्म पद्मावत महानगर के तीन सिनेमा घरों में प्रसारित होनी थी। सहारनपुर सिने प्रसारण एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वजीत पुंडीर ने बताया कि राकेश सिनेमा और विजय टाकीज के संचालकों ने फिल्म के प्रसारण से मना कर दिया। इसके अलावा जीएनजी माल के सिनेमा घर में भी फिल्म का प्रसारण होना था। यहां के संचालक ने एडवांस बुकिंग बंद कर दी है। सिनेमा घरों के संचालकों को डराया धमका गया था। इसलिए उन्होंने प्रसारण ना करने का निर्णय लिया है। उधर, फिल्म प्रसारण को लेकर पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट है।

पद्मावत के विरोध में क्षत्रिय महासभा ने फूंका भंसाली का पुतला 

फिल्म पद्मावत का विरोध करते लोग - फोटो : अमर उजाला
वहीं बड़गांव में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बड़गांव के महाराणा प्रताप चौक पर संजय लीला भंसाली का पुतला जलाकर विरोध जताया। इससे पहले कस्बे में पुतले को जुलूस के रूप में घुमाया गया। नारेबाजी के बाद कार्यकर्ता चौक पर पहुंचे। फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसओ बड़गांव को सौंपा गया।

मंगलवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकर्ताओं ने नाथी सिंह पुंडीर के आवास पर बैठक कर फिल्म पद्मावत के प्रदर्शन पर पूर्णतया रोक लगाने की मांग की। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कानसिंह राणा ने कहा कि रानी पदमावती के चरित्र को इस फिल्म में तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। जिससे पूरे क्षत्रिय समाज में रोष है। हम किसी भी कीमत पर रानी पदमावती के चरित्र को बदनाम नहीं होने देंगे अगर फिर भी फिल्म प्रदर्शित हुई तो इसके अंजाम काफी भयावह होंगे। हम नहीं चाहते की शांति भंग हो, लेकिन प्रदेश सरकार को उत्तर प्रदेश में इस फिल्म को रिलीज करने पर रोक लगानी चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष नाथीसिंह ने कहा कि संजय लीला भंसाली ने गलत तरीके से इस फिल्म को प्रस्तुत किया है, जिसे राजपूत समाज किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं करेगा।

इसके बाद सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता गांव की गलियों में संजय लीला भंसाली के पुतले का जुलूस निकालते हुए नारेबाजी के साथ महाराणा प्रताप चौक पहुंचे और फिल्म निर्माता के पुतले को आग के हवाले किया। बाद में कार्यकर्ताओं ने फिल्म पर रोक लगाने की मांग को लेकर थानाध्यक्ष को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में रिषीपाल राणा अध्यक्ष क्षत्रिय महासभा, प्रमोद कुमार, राकेश राणा जिला अध्यक्ष, संजय वीर राणा तानसेन, कृष्ण सिंह ,तेज सिंह, सूबेदार सिंह, सुखपाल सिंह, चिनी राणा, कृष्ण सिंह, अनिल चौहान, रामकिशन प्रधान, जगपाल सिंह, मोहित, गुल्लु राणा, ओमकार, सोनू राणा आदि मौजूद रहे।

पढ़ें : 'पद्मावत' फिल्म का जबरदस्त विरोध, रिलीज होने से पहले दी ये बड़ी चेतावनी
विज्ञापन

भायला में पद्मावत के निर्माता भंसाली का पुतला फूंका

फिल्म पद्मावत का विरोध - फोटो : अमर उजाला
उधर, देवबंद में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद भी पद्मावत फिल्म का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को भायला कलां गांव में राजपूत समाज ने फिल्म के निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। 

अखिल भारतीय क्षत्रिय युवा महासभा के जिलाध्यक्ष ठाकुर नेपाल सिंह ने नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संजय लीला भंसाली का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि पद्मावत फिल्म के विरोध में पूरा राजपूत समाज करणी सेना के साथ खड़ा है। क्योंकि, इस फिल्म में राजपूत समाज के इतिहास को तोड़ मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है। नेपाल सिंह ने कहा कि राजपूत समाज के सम्मान को ध्यान में रखते हुए फिल्म का प्रदर्शन देशहित में नहीं होना चाहिए। बावजूद इसके यदि फिल्म को सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया तो उसका राजपूत समाज एकजुट होकर जबरदस्त विरोध करेगा। बताया जा रहा है कि निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली ने फिल्म पद्मावती का नाम बदलकर पदमावत करने के साथ ही कुछ विवादित दृश्यों को हटाया था। लेकिन, राष्ट्रीय करणी सेना अपने विरोध पर अडिग है। उनका कहना है कि फिल्म में कुछ भी कुछ भी काट छांट नहीं की गई। फिल्म पद्मावत का प्रदर्शन हरगिज नहीं होने दिया जाएगा। पुतला दहन करने वालों में रवि कुमार, सोहन कुमार, अमन कुमार आदि मौजूद रहे। 

मुजफ्फरनगर में भी क्षत्रिय समाज के युवाओं ने पद्मावत फिल्म के विरोध में प्रदर्शन करते हुए निर्देशक संजय लीला भंसाली का जानसठ तिराहे पर पुतला फूंका। साथ ही एलान किया कि जिस सिनेमाघर या मॉल में इस फिल्म का प्रसारण होगा, उसमें आग लगाने वाले को क्षत्रिय समाज उसे एक लाख रुपये का इनाम देगा।

मंगलवार को जानसठ तिराहे पर क्षत्रिय समाज के युवाओं ने पद्मावत फिल्म के रिलीज करने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र संघ अध्यक्ष ठाकुर विनोद ने कहा कि ऐसी फिल्म देश में नहीं लगनी चाहिए, जिसमें इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई हो। क्षत्रिय समाज इस फिल्म का पुरजोर विरोध करता है। चेतावनी देते हुए कहा कि जो सिनेमाघर या मॉल मालिक पद्मावत फिल्म का प्रदर्शन करेंगे, वे पहले इंश्योरेंस करा लें। उन सिनेमाघरों और मॉल में कुछ भी घटना हो सकती है। सिनेमाघर मालिक इसके लिए खुद जिम्मेदार होंगे। युवाओं ने फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली का पुतला फूंका। साथ ही एलान किया कि जिस सिनेमाघर या मॉल मेें इस फिल्म का प्रसारण होगा, उसमें आग लगाने वाले को क्षत्रिय समाज उसे लाख रुपये का इनाम देगा। इस दौरान ठाकुर सुधीश पुंडीर, ठाकुर राजीव चौहान, सोनू उपाध्याय, मोहित धारीवाल, सौरभ सोम, प्रशांत राणा, अभिषेक राजपूत, निखिल शर्मा, रामभूल चौहान, अभिषेक कुशवाह, अमित चौहान, मोती चौहान, निक्की, शक्ति चौहान, अमरीश सोम, शिवम चौहान, गौरव, शिवम, वैभव, राहुल कुशवाह, गौरव, विवेक आदि शामिल रहे। उधर, सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह का कहना है कि पद्मावत फिल्म नगर के किसी सिनेमाघर में लगने की सूचना नहीं है, अगर किसी सिनेमाघर में इस फिल्म का प्रसारण होगा, वहां पर पुलिस बल तनात किया जाएगा।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें