- पुलिस की सख्ती के बाद 24 घंटे बाद ही थाने पहुंचा नदीम
- झूठी सूचना देने और गबन के आरोप में नदीम और परिजनों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। कस्बा व आसपास के गांवों में अवैध कॉलोनी बनाने का कारोबार तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में कॉलोनी मालिक हाजी नदीम अब्बासी पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। उसने एक ही प्लॉट कई लोगों को बेचकर पैसे हड़प लिए। पैसे मांगने पर हाजी नदीम ने एक परिवार पर मारपीट और अपहरण का झूठा आरोप लगाया। उसने थाने में छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो सच्चाई सामने आ गई। झूठी सूचना देने के मामले में पुलिस ने नदीम और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि किठौर के ही मवाना रोड पर रहने वाले हाजी नदीम ने एक खेत की जमीन बयाना देकर खरीदी थी। उसने उस जमीन पर सस्ते दाम पर प्लॉटिंग शुरू कर दी थी। लोगों ने उससे प्लॉट खरीदे, लेकिन बाद में पता चला कि प्लॉट कई लोगों को बेचा जा चुका है। पैसे मांगने पर वह टालमटोल करता रहा। शनिवार को साजिद अली के रुपये मांगने पर हाजी नदीम से कहासुनी और मारपीट हो गई।
हाजी नदीम और उसके परिजनों ने साजिद व उसके पुत्रों पर मारपीट और अपहरण की 112 पर सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की और कई लोगों से पूछताछ की। परिजनों से सख्ती से पूछताछ करने पर मामला उजागर हुआ। हाजी नदीम 24 घंटे बाद थाने पहुंचा और घटना को फर्जी बताया। पुलिस ने झूठी सूचना देने और करोड़ों रुपये की ठगी करने पर हाजी नदीम और उसके परिजनों पर प्राथमिकी दर्ज की है।