मंदिर तोड़े जाने के मामले में चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
मेरठ। दस दिन पहले शास्त्रीनगर में प्राचीन शिव मंदिर तोड़े जाने के मामले में एसएसपी ने सेंट्रल मार्केट चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है। मंदिर तोड़े जाने के बाद भाजपा नेताओं ने धरना देकर नौचंदी थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे।
नई सड़क के पास स्थित मंदिर में तोड़फोड़ के बाद भाजपा नेता करुणेश नंदन गर्ग, विनीत अग्रवाल शारदा, आलोक सिसोदिया, वीरेंद्र शर्मा, व्यापारी नेता नवीन अरोड़ा, जितेंद्र अग्रवाल आदि ने मंदिर परिसर का ताला तोड़कर वहां मूर्ति रखवाई थी। आरोप लगाया था कि नौचंदी पुलिस ने एक पक्ष से साठगांठ कर मंदिर को तुड़वाया है। मामले में भाजपा नेता लगातार नौचंदी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे थे। तीन दिन पहले एसएसपी अजय साहनी ने इंस्पेक्टर संजय वर्मा को नौचंदी से हटाकर जानी थाने में तैनात किया था। अब एसएसपी ने शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट चौकी इंचार्ज पवन गंगवार को लाइन हाजिर कर दिया। चौकी इंचार्ज के खिलाफ एसपी सिटी ने रिपोर्ट दी थी।
चौकी प्रभारी ने लगाया मेडिकल
मामले में नौचंदी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। चौकी इंचार्ज पवन गंगवार पर जांच बैठी तो उन्होंने स्वास्थ्य खराब बताकर मेडिकल लगा दिया। भाजपा नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर आरोप लगाया था कि मंदिर में रात भर हथौड़ा चलाया गया।