- हादसे में महिला व युवक गंभीर घायल, पुलिस जांच में लगी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र में मलियाना फ्लाईओवर के ऊपर सोमवार देर रात चीनी से भरे एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी, जिससे चालक मोनू और उसमें बैठी महिला लक्ष्मी गंभीर घायल हो गईं। इसके बाद ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और एक के बाद एक चार अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया।
टीपीनगर के किशनपुरा निवासी मोनू ने बताया कि सोमवार रात वह अपने पड़ोस में रहने वाली लक्ष्मी को लेकर ई-रिक्शा से अस्पताल जा रहा था। लक्ष्मी की पुत्रवधू अस्पताल में भर्ती है। वह ई-रिक्शा लेकर मलियाना फ्लाईओवर के ऊपर चढ़ा था। इसी बीच तेज गति से आ रहे चीनी से भरे ट्रक में ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक व महिला घायल हो गईं। ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद भी चालक ने ट्रक नहीं रोका। भागने के प्रयास में उसने सड़क पर खड़े तीन अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। इससे सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कई वाहन चालकों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। चालक ट्रक को लेकर भाग गा।
घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं दुर्घटना के कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार ट्रक चालक मंडी में एक व्यापारी के यहां चीनी लेकर आया था। दुर्घटना के बाद वह वाहन समेत मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।-