उपभोक्ताओं को दें एकमुश्त समाधान योजना का लाभ : श्रीकांत
मेरठ। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन से जुुड़े निगमों की समीक्षा की। उन्होंने एकमुश्त समाधान योजना की प्रगति, होली को लेकर निर्बाध बिजली आपूर्ति की समीक्षा की। सभी उपभोक्ताओं को 31 मार्च तक एकमुश्त समाधान योजना का लाभ देने के भी निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने उपभोक्ताओं की शिकायत पर तत्काल जांच कर बिल ठीक करने के निर्देश दिए। इस योजना की प्रगति से ही एमडी और डायरेक्टर की कार्यप्रणाली का आंकलन होगा। अभी तक प्रदेश में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड 35.29 प्रतिशत के साथ ओटीएस में दूसरे नंबर पर है। पहले नंबर पर 57.40 प्रतिशत के साथ केस्को है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को ओटीएस योजना का लाभ मिले इसके लिए डिस्कॉम एमडी उप केंद्रवार तय करें। एक लाख से अधिक के बकाएदार उपभोक्ताओं के दरवाजे जरूर खटखटाएं। 1912 के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को ओटीएस के लाभ बताएं। किसी भी उपभोक्ता का उत्पीड़न स्वीकार्य नहीं है।
स्थानांतरण नीति को करें लागू
हाल ही में अमर उजाला ने स्थानांतरण नीति को दबाकर बैठे अवर अभियंता के तबादलों के न होने की खबर प्रकाशित की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने यूपीपीसीएल एमडी को निर्देश दिए कि मुख्यालय पर लंबे समय से टिके अधिकारियों के संबंध में स्थानांतरण नीति के तहत कार्रवाई करें। वहीं डिस्कॉम मुख्यालयों पर भी यह सुनिश्चित किया जाए। मुख्यालय का वर्क कल्चर बदला जाए। हर एक अधिकारी की परफॉर्मेंस उसे दिए गए काम के आधार पर तय हो। सभी को जवाबदेह बनाया जाए।