खरखौदा। राजकीय महिला महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ. नीलम सिंह के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति अभियान पांच के अंतर्गत महिला सशक्तीकरण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन, कल्चरल क्लब प्रभारी डॉ. सुमन सिंह द्वारा कराया गया। मुख्य वक्ता भारतीय संस्कृति शांतिकुंज, हरिद्वार के प्रतिनिधि ललित शर्मा, ईश्वरदत्त शर्मा, दुष्यंत त्यागी, कांति प्रसाद त्यागी, दिनेश कुमार, यतींद्र त्यागी उपस्थित रहे। ललित शर्मा ने छात्राओं से अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। ईश्वरदत्त शर्मा ने बताया कि हमारी भारतीय संस्कृति में कहा गया है कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता का निवास होता है। भारतीय संस्कृति शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन भी किया गया। प्राचार्या द्वारा भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए छात्राओं से अपील की गई तथा उन्होंने परीक्षा में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को अधिकाधिक अंक प्राप्त करने की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर डॉ. सीमा गौतम, डॉ. सुरभि सिंघल, डॉ. रचना बालियान सहित कई लोग उपस्थित रहे।