सरूरपुर। कस्बा हर्रा में स्माार्ट मीटर लगाने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम का विरोध करते स्थानीय लोग
सरूरपुर। कस्बा हर्रा में स्मार्ट मीटर लगाने गई ऊर्जा निगम की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा किया। ऊर्जा निगम के अधिकारियों के समझाने के बावजूद लोगों ने मीटर लगवाने से इन्कार कर दिया। विरोध के चलते टीम को बिना मीटर लगाए ही लौटना पड़ा।
ऊर्जा निगम द्वारा कस्बे में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चल रहा है। बुधवार को ऊर्जा निगम की टीम पुराने मीटर के स्थान पर नए मीटर लगाने के लिए पहुंची थी। इस दौरान कई स्थानों पर टीम का भारी विरोध किया गया, लेकिन टीम ने विरोध के बावजूद कुछ स्थानों पर स्मार्ट मीटर लगा दिए, जबकि कई उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगवाने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने बिजली बिल जमा होने के बावजूद कनेक्शन काट दिए।
कस्बा निवासी शोएब, इमरान, सभासद, मुदस्सिर, मन्नान व नूर मोहम्मद ने कहा कि ऊर्जा निगम के उत्पीड़न के खिलाफ वह मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि वह कस्बे में ऊर्जा निगम की टीम के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
अधिशासी अभियंता दुर्गेश प्रसाद का कहना है कि पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। सरकार के आदेशानुसार मीटर बदले जा रहे हैं। लोगों को भ्रमित न किया जाए।