जानीखुर्द। जानी क्षेत्र के गांव खेड़की में धार्मिक स्थल और मदरसे के निर्माण के मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उनका कहना है कि गांव में पहले से एक धार्मिक स्थल मौजूद है और जनसंख्या भी कम है। रविवार को इस संबंध में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जानी थाने पर हंगामा करते हुए जानी थाना प्रभारी से मिलकर निर्माण कार्य बंद करवाने की मांग की।
बजरंग दल के जिला संयोजक अनुज बजरंगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रविवार को थाना प्रभारी जानी महेश राठौर से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने जानी थाने में प्रदर्शन और हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि गांव खेड़की में पहले से एक धार्मिक स्थल है। कुछ व्यक्ति बगैर किसी कानूनी कार्रवाई के गांव में अवैध तरीके से एक और धार्मिक स्थल व मदरसे का निर्माण कार्य कर रहे हैं, जबकि गांव की आबादी बहुत कम है। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति निर्माण होने पर पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा। थाना प्रभारी ने तुरंत कार्रवाई का आश्वासन देकर कार्यकर्ताओं को शांत किया। हंगामा करने वाले वालों में प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख सुनील सिद्धू, जिला सह संयोजक गोविंद चपराणा, अर्जुन योगी, देव पवन, हर्ष राणा, तुषार, मंजीत चौधरी आदि मौजूद रहे।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि ऐसा कोई मामला उनकी जानकारी में नहीं है और न ही कोई धार्मिक स्थल का निर्माण हो रहा है।