-पुलिस ने पैदल यात्रा एएस इंटर कॉलेज के पास रोकी, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। यूजीसी से संबंधित नीतियों पर पुनर्विचार और आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग को लेकर शनिवार को स्वर्ण समाज के नेतृत्व में उत्सव मंडप से तहसील तक निकाली जाने वाली पैदल यात्रा को पुलिस-प्रशासन ने एएस इंटर कॉलेज के सामने रोक दिया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर समझा-बुझाकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन लिया और यात्रा को संपन्न कराया।
शनिवार को बड़ी संख्या में युवा व नागरिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और वाहनों के साथ उत्सव मंडप पर एकत्र हुए। पैदल यात्रा शुरू होने से पूर्व ही थाना प्रभारी व पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वार्ता के जरिये समझाने और मंडप पर ही ज्ञापन देकर यात्रा स्थगित करने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी नहीं माने और यूजीसी रोल बैक व मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने लगे। यात्रा के कुछ ही दूरी तय कर एएस इंटर कॉलेज के पास पहुंची तो एसडीएम संतोष कुमार सिंह और सीओ पंकज लवानिया ने पुलिस बल के साथ उन्हें रोक लिया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करते हुए मौके पर ही ज्ञापन लिया।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में मांग की गई कि यूजीसी के विवादित व प्रस्तावित प्रावधानों पर पुनर्विचार कर सभी पक्षों की बात सुनकर न्याय संगत व्यवस्था बनाई जाए।
ज्ञापन देने वालों में नवनीत चौहान, विशाल शर्मा, अजीत शर्मा, सभासद अविजीत सिंह, अजय चौहान, अश्वनी चौहान, ठाकुर शनि प्रताप, सचिन कौशिक, पंकज चौहान, उज्ज्वल चौहान, अमित चौहान, पुष्कर चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, शानू चौहान, अतुल, शुभम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
आरक्षण व्यवस्थाओं में सुधार और यूजीसी नियमों के विरोध में उत्सव मंडप से शुरु हुई पैदल यात्रा ।
आरक्षण व्यवस्थाओं में सुधार और यूजीसी नियमों के विरोध में उत्सव मंडप से शुरु हुई पैदल यात्रा ।