मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में यूजी के 30 कोर्सों में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन बुधवार से फिर खुल गए हैं। विवि ने अंतिम बार छात्र-छात्राओं को मौका दिया है। रजिस्टेशन की अंतिम तिथि 17 अक्तूबर है।
कैंपस-कॉलेजों में यूजी में एडमिशन की प्रक्रिया ढाई महीने से चल रही है। एक लाख 60 हजार सीटों में से बुधवार शाम तक 89438 एडमिशन हो चुके हैं। प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का अंतिम अवसर दिया गया है। अब 13 अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक रजिस्ट्रेशन किए जा सकते हैं। इसमें कॉलेज और कोर्स नहीं भरे जाएंगे। अभ्यर्थी अपनी लॉगइन आईडी से ब्लैंक ऑफरलेटर 13 अक्तूबर से 18 अक्तूबर तक डाउनलोड करेंगे। छात्र-छात्राएं जिन कॉलेजों में सीटें खाली हों वहां पर ऑफरलेटर जमा कर दें। कॉलेज नियमानुसार सीटों के सापेक्ष मेरिट बनाकर 19 अक्तूबर से 21 अक्तूबर तक एडमिशन करेंगे। पोर्टल पर 21 अक्तूबर तक दाखिले कन्फर्म किए जाएंगे। एडेड और राजकीय कॉलेजों में सीटें फुल हो गई हैं, सेल्फ फाइनेंस कोर्सों में अब भी 70 हजार के करीब सीटें खाली पड़ी हैं।
कई कोर्सों का रिजल्ट जारी
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों का बीए प्रथम प्राइवेट बैक पेपर का रिजल्ट बुधवार को जारी कर दिया गया है। इसके अलावा एमकॉम द्वितीय सेमेस्टर जून-2022 की परीक्षा का रिजल्ट भी जारी कर दिया गया है।