सरूरपुर। कस्बा खिवाई स्थित नवनिर्मित गोशाला का संचालन कर दिया गया है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई इस गोशाला में 150 गोवंशों को आश्रय देने की व्यवस्था की गई है। गोशाला के शुरू होने से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही निराश्रित गोवंशों की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कस्बा खिवाई और आसपास के ग्रामीण इलाकों में निराश्रित गोवंश लंबे समय से एक गंभीर समस्या बने हुए थे। सड़कों पर घूमते गोवंश जहां आए दिन हादसों का कारण बन रहे थे। वहीं, खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे। किसानों और राहगीरों की शिकायतों को देखते हुए शासन स्तर पर गोशाला निर्माण की स्वीकृति दी थी।
अधिशासी अधिकारी हरि नारायण ने बताया कि गोशाला को इस तरह विकसित किया गया है कि गोवंशों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। यहां उनके लिए पक्के और हवादार शेड बनाए गए हैं। चारे के भंडारण के लिए अलग से स्थान निर्धारित किया गया है।