बेखौफ बदमाशों ने शनिवार को दिनदहाडे़ सराफा व्यापारी से नकदी और जेवरात से भरा बैग लूट लिया। बदमाश सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र के माधवपुरम निवासी सतेंद्र कुमार की रोहटा रोड स्थित फाजलपुर में बैंक रोड पर सराफ की दुकान है। सतेंद्र घर से बैग लेकर दुकान पर पहुंचे। दुकान के ताले खोल ही रहे थे कि बाइक सवार दो बदमाश आए और तमंचे के बल पर बैग लूटकर ले गए। बैग में 40 हजार रुपये नकद, करीब पांच किलो चांदी, 350 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात थे। सूचना पर सीओ दौराला जितेंद्र कुमार सरगम और इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा एपी मिश्रा समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कयास लगाती रही कि बदमाशों का नया गैंग एक्टिव हो गया है। पुलिस ने आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बदमाश बैग लेकर काले रंग की बाइक पर जाते हुए नजर आए। एक बदमाश जो बाइक चला रहा है, उसने सफेद टी-शर्ट पहनी हुई है और हेलमेट लगा रखा है। पीछे बैठे बदमाश ने लाल टी-शर्ट पहनी हुई है। उसका चेहरा साफ नजर आ रहा है। सराफ की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि वारदात में बदमाशों ने सटीक रेकी की होगी।
व्यापारी की तबीयत बिगड़ी
वहीं घटना के बाद व्यापारी सतेंद्र कुमार की तबीयत खराब हो गई। सतेंद्र के बेटे एडवोकेट मोहित वर्मा को मौके पर बुलाया गया। मोहित ने आकर अपने पिता को संभाला। व्यापारी ने बताया कि एक साल पहले भी महिलाओं ने दुकान पर ग्राहक बनकर सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। उनका भी पुलिस सुराग नहीं लगा पाई थी।
बर्बाद हो गया, पुलिस कुछ नहीं करेगी
सर्राफा व्यापारी सतेंद्र ने बताया कि बदमाशों ने उसकी दुकान को टारगेट बनाया हुआ है। चार महीने पहले भी दुकान में चोरों ने धावा बोला था। आज तक चोरों को पुलिस ढूंढ नहीं पाई। आज भी दुकान पर आते ही बदमाशों ने उसको घेर लिया। इससे पहले वह कुछ समझ पाते कि बदमाश नकदी, जेवरात से भरा बैग ले गए। सतेंद्र ने कहा कि मैं तो बर्बाद हो गया।
व्यापारी बोले, बंद कर देंगे मेरठ
इस घटना से व्यापारियों में रोष है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे व्यापारी नेताओं ने कहा है कि वे पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत करेंगे। बदमाशों को पुलिस ने जेल नहीं भेजा तो वह सड़कों आंदोलन करेंगे। दुकान बंद कर विरोध करेंगे। जरूरत पड़ी तो मेरठ बंद कर नाराजगी जताएंगे।