सिंचाई विभाग के ठेकेदार अजय कुमार के यहां आयकर विभाग को मिली डायरी के साथ ही प्रोपर्टी के कागजातों ने तमाम राजफाश कर दिये हैं। इस सर्च ऑपरेशन की लखनऊ में मंगलवार को ब्रीफिंग हुई तो आला अधिकारी भी हैरत में पड़ गये। अब नये सिरे से डायरी और प्रोपर्टी के कागजों को लेकर आयकर विभाग आगामी कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।
आयकर विभाग ने 16 जून को सिंचाई विभाग के बड़े ठेकेदार अजय कुमार के आवासों और कार्यालयों सहित सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर सुधीर शर्मा के कार्यालय, सरकारी आवास और गाजियाबाद के निजी आवास पर छापे मारे थे। 33 घंटे तक चली इस कार्रवाई में आयकर विभाग को एक लाल डायरी और बड़ी संख्या में प्रोपर्टी के पेपर मिले थे। जिन्हें आयकर विभाग की टीम अपने साथ ले गयी थी।