मेरठ। राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल पर मेरे सपने के तहत बेटियां फाउंडेशन ने शास्त्री नगर स्थित अपने कार्यालय में मंथन मिशन विवाह पूर्व संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए लगभग 17 युवाओं ने सहभागिता की।
संवाद केंद्र प्रमुख अंजू पांडेय और नोडल अधिकारी कुसुम शर्मा ने युवाओं से चर्चा की। युवाओं ने विवाह से पहले आपसी समझ, संवाद कौशल, सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर विचार साझा किए। प्रतिभागियों ने माना कि विवाह केवल एक सामाजिक समारोह नहीं, बल्कि जीवनभर का दायित्व है।
कार्यक्रम में विवाह से पहले सही मार्गदर्शन और संवाद पर बल दिया गया। इससे वैवाहिक जीवन सुखद और स्थायी बन सकता है। बबीता कटारिया ने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील बनाना है, ताकि वे समझदारी से वैवाहिक जीवन की शुरुआत करें। सभी प्रतिभागियों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताया।