युवक को गोली मारने वाला पकड़ से दूर
दौराला। जीतपुर गांव में युवक को गोली मारने का आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। वहीं, गंभीर हालत में युवक को दिल्ली रेफर कर दिया गया है। पीड़ित की मां ने थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी।
जानकारी हो कि मंगलवार रात जीतपुर गांव निवासी गौरव को राजा उर्फ अविनाश ने पुरानी रंजिश में दोस्तों के साथ मिलकर घर के अंदर घुसकर गोली मार दी थी। आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। परिजनों ने पुलिस की मदद से गौरव को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां गंभीर हालत में डॉक्टर ने दिल्ली रेफर कर दिया। घायल युवक की मां कमलेश ने राजा उर्फ अविनाश, मोहनीपुर निवासी काला पंडित उर्फ विकास उर्फ छोटू, मनु, भरोटा गांव निवासी राहुल आदि को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। गांव के हालात को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है। दौराला पुलिस ने गांव के कई मकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। आरोपी पक्ष के लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करना चाह लेकिन भारी पुलिस फोर्स को देखते हुए आरोपी पक्ष पीछे हट गए। थाना पुलिस के मुताबिक चार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। विशेष टीम बनाकर गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है।
जिंदगी मौत से जूझ रहा गौरव
परिजनों की माने तो गोली गौरव के लीवर के अंदर से हाते हुए रीढ़ की हड्डी में फंस गई ह। जिस कारण उसके शरीर के आधे हिस्से ने काम करना बंद कर दिया है। गंभीर हालत के चलते घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। पीड़ित परिवार की आर्थिक हालत भी ज्यादा अच्छी नहीं है। गंभीर हालत में दिल्ली के लिए रेफर कर दिया है।