परतापुर तिराहे पर वन वे रहेगा ट्रैफिक
मेरठ। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। बृहस्पतिवार को सर्विस रोड के चौड़ीकरण का काम चलता रहा। वहीं परतापुर तिराहे पर गार्डर रख आरओबी को जोड़ने के लिए ट्रैफिक को वनवे करने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार से सर्विस रोड पर सड़क बनाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके एक दो दिन बाद से डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।
परतापुर तिराहे पर इंटरचेंज के लिए आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। आरओबी पर गार्डर रखने के बाद यहां तीन अंडरपास का निर्माण भी किया जाना है। एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्य में लगे इंजीनियरों के मुताबिक तिराहे पर गार्डर रखने के समय मेरठ से दिल्ली की ओर और दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाले वाहन आरओबी के बनाए गए हिस्से के नीचे से ही गुजरेंगे। वहीं दिल्ली मेरठ रेलवे लाइन के ऊपर भी आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे भी अपने बिजली के खंभों को शिफ्ट करने की योजना तैयार कर रहा है। यहां भी कार्य तेजी से चल रहा है। बृहस्पतिवार को रेलवे के अधिकारियों ने मौके का मुआयना भी किया। इसके लिए जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उधर शुक्रवार से सर्विस रोड का निर्माण शुरू होने के एक दो दिन बाद से डायवर्जन प्लान लागू हो जाएगा। इसके बाद यहां से सिर्फ रोडवेज बसें और छोटे वाहन ही गुजर पाएंगे। अन्य भारी वाहन यहां से नहीं गुजर पाएंगे।