मेरठ। परतापुर क्षेत्र के निवासी युवक को मकान बेचने का झांसा देकर मां-बेटे समेत चार लोगों ने एक लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
परतापुर क्षेत्र के शताब्दी नगर निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि 22 मार्च 2025 को दिल्ली रोड स्थित शिवपुरम निवासी उर्मिला देवी से उन्होंने 14.40 लाख रुपये में मकान का सौदा तय किया था। बयाने के रूप में 20 हजार रुपये नकद और 80 हजार रुपये उनके बेटे मोहित के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। इसके गवाह मनोज व इंद्रपाल थे।
प्रवीण के मुताबिक कई बार कहने के बाद भी आरोपियों ने मकान का बैनामा नहीं किया। रुपये भी नहीं लौटाए। कोई न कोई बहाना बनाकर टालते रहे। आरोप है कि अब रुपये का तकादा करने पर उर्मिला देवी, मोहित, मनोज और इंद्रपाल जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।