रिठानी में बंद मकान का ताला तोड़कर एक लाख की नकदी, जेवरात चोरी
परतापुर। गगोल रोड स्थित रिठानी में देर शाम चोरों ने घनश्याम के बंद मकान का ताला तोड़कर एक लाख की नगदी, जेवरात और अन्य सामान ले गए। घनश्याम परिवार सहित छोटे बेटे विजय की सगाई करने के लिए मेडिकल क्षेत्र में गए हुए थे। इसी दौरान चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए और मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
परिवार के लोग पहुंचे तो घर ताला टूटा मिला। सामान बिखरा था और अलमारी से भी सामान और जेवरात गायब थे। इसके बाद पुलिस ने मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाश की, लेकिन इन कैमरों से कोई सुराग नहीं मिला।
घनश्याम का कहना है कि उनका बडा बेटा अजय सैनी पीलीभीत में 112 पर तैनात है और छोटे बेटे के लिए युवती देखने गए थे। शादी की तैयारी के लिए भी घर पर काफी सामान रखा था। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।