नोट- एटा, के लिए ध्यानार्थ
गंभीर रूप से घायल हुए चार कांवड़ियों के पैर कुचले, प्राथमिकी दर्ज
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के टैंक चौपला (कैंट) के पास शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर अपने गांव लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी महिंद्रा पिकअप गाड़ी में अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दस कांवड़िये गंभीर घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान शनिवार सुबह एक कांवड़िये एटा निवासी चंद्रपाल की मौत हो गई। चार के पैर कुचले गए। उनका उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
सीओ कैंट संजय गुप्ता ने बताया कि एटा जिले के थाना रिजोर अंतर्गत ग्राम सैनाकला निवासी गोविंद कुमार पुत्र वीरपाल सिंह ने लालकुर्ती थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उनके गांव व परिवार के लोग शुक्रवार रात महिंद्रा पिकअप में सवार होकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। जैसे ही पिकअप मेरठ में टैंक चौपला के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने तेजी व लापरवाही से गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में दस कांवडिये गंभीर घायल हो गए।
सूचना मिलते ही लालकुर्ती पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। टक्कर के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए लहुलुहान अवस्था में पड़े घायलों को इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड कराकर बाधित हुए यातायात को सुचारू कराया।
सीओ ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह चंद्रपाल (40) पुत्र सिलेटी सिंह की मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन शव लेकर रवाना हो गए हैं। हादसे में गंभीर रूप से अवनीश (32 वर्ष), रंजना (45 वर्ष), जयंत (16 वर्ष) और श्याम सुंदर (30 वर्ष) का उपचार चल रहा है। बताया गया है कि इनके पैर बुरी तरह कुचल गए हैं, जिनका ऑपरेशन मेडिकल कॉलेज में हुआ है।
इस मामले में मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
-