मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में मिष्ठान विक्रेता की दुकान में शनिवार रात दो कारीगरों में मारपीट के बाद एक की मौत हो गई। कारीगर के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लालकुर्ती क्षेत्र में शुभम और उज्ज्वल की कौशल स्वीट्स के नाम से दुकान है। संभल जनपद के धनारी मीणा गांव की मढईया का विपिन (21) तीन महीने पहले इस दुकान में हलवाई का काम करने आया था। इसी दुकान में अलीगढ़ के अतरौली का निवासी समीर कारीगर है। बताया गया है शनिवार रात विपिन और समीर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों में मारपीट हो गई। इसी दौरान विपिन बेहोश होकर गिर पड़ा। उसके मुंह से पानी निकल रहा था। अफरातफरी के बीच दुकान मालिक विपिन को उठाकर बाउंड्री रोड स्थित अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उपचार से मना कर दिया। इसके बाद विपिन को बाईपास स्थित अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया।
कौशल स्वीट्स के पास स्थित मिठाई की दूसरी दुकान पर काम करने वाले विपिन के एक परिचित ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी फोन पर दी। विपिन के पिता हरपाल परिजनों के साथ यहां पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मारपीट की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच कर रही है। हरपाल ने बताया कि तीन साल पहले विपिन की शादी हुई थी और उसकी डेढ़ साल की बेटी है। हरपाल ने थाने में समीर के खिलाफ पुत्र की हत्या का मामला दर्ज कराया है।
-
दुकान मालिकों पर घटना छिपाने का आरोप
विपिन की मौत की जानकारी जब परिजनों को हुई तो वह सुबह होते ही मेरठ पहुंच गए। थाना लालकुर्ती पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और पोस्टमार्टम कराने को कहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता हरपाल का आरोप है कि विपिन की मौत पिटाई से हुई है। दुकान मालिक ने उनसे घटना छिपाई। उन्होंने विपिन की दुकान पर फोन किया तो वहां मौजूद उज्ज्वल व शुभम ने घटना को मामूली बताकर मेरठ न आने का सलाह दी और फोन काट दिया।
-
वर्जन
विपिन के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पिता की तहरीर आरोपी समीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है। - प्रकाश चंद्र अग्रवाल, सीओ कैंट।