आयकर कार्यालय में एक दिवसीय हड़ताल, कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
मेरठ।
आयकर कार्यालय पर कोआर्डिनेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एंप्लाइज, वर्कर्स नई दिल्ली तथा ज्वाइंट काउंसिल ऑफ एक्शन के आह्वान पर बुधवार को कर्मचारियों ने दिनभर हड़ताल की।
आयकर कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु सिंह ने कहा कि समान काम, समान वेतन लागू होना चाहिए। नई अंशदायी पेंशन योजना रद्द कर सभी के लिए पुरानी पेंशन योजना को लागू करना चाहिए। कर्मचारियाें को अंतिम वेतन का 50 प्रतिशत न्यूूनतम पेंशन के रूप में दिया जाना चाहिए। रीजनल सचिव विनय कुमार ने कहा कि तीस जून 2016 को ग्रुप मिनिस्टर्स द्वारा एनजेसीएम नेताओं को दिए गए आश्वासन का आदर होना चाहिए। साथ ही न्यूनतम वेतन और फिटमेंट फार्मूले में बढ़ोतरी होनी चाहिए। सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप सभी केंद्रीय सरकारी पेंशन भोगियों को विकल्प-प्रथम की समानता प्रदान होनी चाहिए। सातवें वेतन आयोग के अनुपालन में सभी विसंगतियों को दूर किया जाए।
कर्मचारी यूनियन के वरिष्ठ नेता समर बहादुर तिवारी ने कहा कि ग्रुप बी और सी कर्मचारियों को पांच समयबद्ध पदोन्नतियां प्रदान की जानी चाहिए। सभी विभागों में समय सीमा के भीतर कैडर रिव्यू प्रक्रिया पूरा किया जाना आवश्यक है। इस दौरान अजय कुमार, एके कौशिक, आईएस पंवार, अनिल मेहरा, जसवंत सिंह नेगी, आरके नवानी, आशीष कुमार सिंह, हिमांशु मीणा, विनय कुमार, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।