मेरठ। 510 आर्मी बेस वर्कशॉप में ट्रेडमेन के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ऐंठने और फर्जी तरीके से भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के मामले में सदर बाजार पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राहुल कुमार निवासी अमर विहार कॉलोनी, आगरा के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले के मुख्य सूत्रधार की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि यह कार्रवाई 510 आर्मी बेस वर्कशॉप के प्रशासन कर्नल राकेश शर्मा की शिकायत पर की गई है। सदर बाजार थाने की महिला दरोगा निर्मल सती द्वारा की गई जांच के आधार पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच में सामने आया कि हाथरस जिले के नगला जिलोली निवासी आरोपी पवन चौधरी ने राहुल कुमार को 12 लाख रुपये में ट्रेडमेन के पद पर भर्ती कराने का लालच दिया था। फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए पवन चौधरी ने एक साजिश रची। उसने राहुल कुमार के मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र अपने पास रख लिए और उसकी जगह खुद राहुल कुमार बनकर बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराने पहुंच गया। लेकिन इसी दौरान असली राहुल कुमार भी अपने मोबाइल के डिजी लॉकर से शैक्षिक प्रमाण पत्र दिखाकर अपना बायोमेट्रिक कराने की कोशिश करने लगा। एक ही नाम और पद के लिए दो लोगों के बायोमेट्रिक कराने के प्रयास से यह पूरा फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में दूसरे आरोपी पवन चौधरी की भूमिका की भी गहनता से जांच चल रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।