भगवान आशुतोष का जलाभिषेक, नागदेवता का पूजन
सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर बाबा औघड़नाथ मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
- शहरभर में लगे भंडारे, श्रीराम मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक
-भजनों और महाआरती से भक्तिमय हुआ माहौल
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर सोमवार को शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। लोगों ने भगवान आशुतोष काे जलाभिषेक किया और परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने शेषनाग, वासुकी नाग और तक्षक नाग को स्मरण करते हुए भगवान शिव और नाग देवता की पूजा अर्चना की।
बाबा औघड़नाथ मंदिर में भक्तों ने शिवलिंग पर दूध, पंचामृत, भांग, धतूरा और चंदन अर्पित कर पूजा की। मंदिर को लाइटों से बहुत ही सुंदर ढंग से सजाया गया। शाम को भी बढ़ी संख्या श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह पांच बजे से ही मंदिर पर श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी जलाभिषेक करने पहुंचे। कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन भी किया गया। बाबा औघड़नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नैंसी चौराहा और शनिदेव मंदिर के पास बैरिकेडिंग की गई। सुबह से दोपहर तक और शाम के समय इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा।
हिंदू महासभा ने किया रुद्राभिषेक
श्रीराम मंदिर स्टेट बैंक कॉलोनी हापुड़ रोड पर राष्ट्रीय हिंदू महासभा की मेरठ इकाई की ओर से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कराया गया। आचार्य बाल गोविंद जोशी ने विधि विधान से भगवान शिव एवं नाग देवता का पूजन कर रुद्राभिषेक कराया। बबीता एवं हेमंत बंसल मुख्य यजमान रहे। आचार्य बाल गोविंद जोशी ने कहा कि श्रावण मास में नागपंचमी के दिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक अत्यंत फलदायी माना जाता है। आयोजन में अमित मांगलिक, पवन, कशिश, राकेश, रवि, अनुज, जितेंद्र, सुयश आदि का सहयोग रहा। वहीं, श्री बाबा कालेश्वर महादेव मंदिर समिति की ओर से महताब सिनेमा के निकट श्रावण मास के भंडारे का आयोजन किया गया। आरती के बाद प्रसाद भोग और प्रसाद वितरण हुआ।