संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित तीरंदाजी खिलाड़ी राहुल बनर्जी ने बुधवार को गढ़ रोड स्थित बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल में तीरंदाजी एकेडमी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिक से अधिक खेलों में भाग लेना चाहिए। चाहे कोई भी खेल हो, लेकिन हमें उससे जुड़ना जरूर चाहिए। खेल हमें बहुत कुछ सिखाता है। वर्तमान सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा भी दिया जा रहा है।
बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल में खेलों को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में तीरंदाजी एकेडमी का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में छात्र, शिक्षक व खिलाड़ी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राहुल ने सभी छात्रों से तीरंदाजी में भाग लेने के अपील की। वह दीपिका कुमारी के कोच भी हैं। उन्होंने अपने खेल जीवन के अनुभवों को साझा किया। युवाओं और विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, डायरेक्टर आकर्ष मोहन, प्रधानाचार्य डॉक्टर गोपाल दीक्षित ने भी बच्चों को इस खेल की जानकारी दी। इस मौके पर छात्र, खिलाड़ी और उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।