दौराला। दौराला रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर शाम ट्रैक पार कर रही 70 वर्षीय रमा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वृद्धा के पास मिले मोबाइल के आधार पर उनकी पहचान हुई। जीआरपी के मुताबिक रमा करनावल दिल्ली-36 की निवासी थीं। रमा मंगलवार को दिल्ली-सहारनपुर जनता एक्सप्रेस में बैठकर दौराला अपनी बहन से मिलने आ रही थीं। दौराला स्टेशन के तीन नंबर प्लेटफार्म पर रमा ट्रेन से उतरीं। यहां से एक नंबर प्लेटफार्म पर पहुंचने के लिए वह रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गईं। घटना के बाद गेटमैन सर्वेश ने जीआरपी को सूचना दी। गेटमैन ने वृद्धा के पास मिले मोबाइल को जीआरपी को सौंपा। जीआरपी की टीम ने फोन कर परिजनों को सूचना दी और शव को मोर्चरी भेज दिया। संवाद