जेवरात ठगी के मामले में वृद्ध का बेटा गिरफ्तार
खरखौदा। फफूंडा में वृद्ध को गारंटर के तौर ज्वेलर्स की दुकान पर बैठाकर घर दिखाने के बहाने तीन तोला सोना व 200 ग्राम चांदी के जेवरात ठग कर ले जाने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुधवार को पुलिस ने वृद्ध के बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मंगलवार को गांव फफूड़ा में बालाजी ज्वेलर्स पर बाइक सवार एक युवक वृद्ध के साथ पहुंचा था। बाइक सवार ने वृद्ध को गारंटी के तौर पर दुकान पर बैठा दिया और खुद सराफ से तीन तोला सोना और 200 ग्राम चांदी के जेवरात घर दिखाने के लिए ले गया था। जब शाम तक भी बाइक सवार नहीं लौटा तो ज्वेलर्स ने इस मामले में पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि बाइक सवार युवक मेरठ मेडिकल क्षेत्र से वृद्ध को अपने साथ बेटी की शादी बताकर गहने दिखाने के लिए लाया था। बाद में पुलिस ने वृद्ध के बेटे मनोज को भी मौके पर बुलवा लिया। पुलिस ठगी करने वाले आरोपी को तो नहीं पकड़ सकी, लेकिन पुलिस ने वृद्ध के बेटे मनोज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।