बड़े अपराधियाें पर कार्रवाई में कोताही न करें अफसर
मेरठ। आयुक्त सभागार में सोमवार को आयुक्त सेल्वा कुमारी जे और आईजी प्रवीण कुमार ने मंडल के डीएम-एसएसपी के साथ अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। आयुक्त ने कहा कि भू-माफिया, ड्रग माफिया, शराब माफिया या अन्य कोई भी बड़ा अपराधी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, पटाखों के लाइसेंस सहित अन्य मामलों में लापरवाही न बरती जाए।
आयुक्त ने कहा कि थाना एवं तहसील दिवस में भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता से दूर कराएं। आईजीआरएस पोर्टल पर की गईं शिकायतों को गंभीरता से लें। अवैध निर्माण, अधिग्रहण या सुरक्षा व्यवस्था जैसे अन्य प्रकरणों में अधिकारी स्वयं निगरानी कर कार्रवाई करें।
आईजी ने कहा कि समस्त अधिकारी ट्रैफिक प्लान तैयार करें। कोहरे के मौसम में गन्ना ट्रॉली एवं सड़कों पर रिफ्लेक्टर लगाएं। अधिक हादसे वाले स्थानों को चिह्नित चेतावनी और सावधानी वाले बोर्ड लगाएं। मेन रोड से लिंक रोड पर कैमरे लगाने के लिए सभी प्लानिंग कर लें। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों की मैपिंग कराई जाए। शेल्टर होम, एनजीओ द्वारा चलाए अनाथ आश्रम और बैंकों का निरीक्षण करें। बैठक में डीएम दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण सहित अन्य जिलों के अफसर मौजूद रहे।
सड़कों को गड्ढा मुक्त कराए पीडब्ल्यूडी
मेरठ। आयुक्त कार्यालय सभागार में आयुक्त सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में शासन के 37 विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की मंडलीय समीक्षा बैठक भी हुई। उन्होंने कहा कि जो परियोजनाएं पूरी हो गई हैं, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उनका लोकार्पण कराएं। पीडब्लूडी के अधिकारियों से अभियान चलाकर 100 फीसदी सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त कराएं।
चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि झोलाछाप डॉक्टर एवं अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ अभियान चलाएं। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के उपरांत घर तक एंबुलेंस से पहुंचाया जाएं। आयुष्मान गोल्डन कार्ड में शत-प्रतिशत प्रगति लाई जाए। गन्ना विभाग के अधिकारियों से बकाया भुगतान के संबंध में जानकारी प्राप्त कर चीनी मिलों के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
जनपद में रिक्त राशन की दुकानों का व्यवस्थापन करना सुनिश्चित करें। सामूहिक विवाह योजनांतर्गत विवाहित जोड़ों का विवाह पंजीकरण कराएं। मुख्यमंत्री स्व: रोजगार योजना, ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल, कौशल विकास मिशन, खादी एवं ग्रामोद्योग के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार सृजन योजना तथा ऋण वितरण आदि योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में अपर आयुक्त चैत्रा वी, डीएम दीपक मीणा मौजूद रहे।