आगाज ऐसा है तो अंजाम कैसा होगा। टाउन हॉल के गांधी पार्क में मंगलवार को नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में जमकर बखेड़ा हुआ। भाजपाइयों ने समारोह के प्रारंभ में जय श्रीराम के जयकारों के साथ वंदेमातरम का गायन शुरू किया तो सभी भाजपा पार्षदों, नेताओं और कमिश्नर सहित अधिकारियों ने खड़े होकर वंदेमातरम गाया। लेकिन इस दौरान महापौर सुनीता वर्मा, महापौर पति और अन्य बसपाई कुर्सी से नहीं उठे।
विज्ञापन
वंदेमातरम् और अल्लाह-हू-अकबर के साथ ही जयभीम के खूब नारे लगे। एक बार को माहौल गरमा गया। इस दौरान जहां कुछ मुस्लिम महिला पार्षदों ने तिरंगा लहराया, तो कमिश्नर ने हूटिंग कर रहे लोगों को नसीहत देते हुए मेरठ के सम्मान का हवाला दिया। करीब बीस मिनट बाद शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो सका।
दोपहर 12 बजे से ही टाउन हॉल के आसपास शपथ ग्रहण कार्यक्रम को देखने वालों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गयी। भीड़ को अंदर घुसने से रोकने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। लेकिन इसके बावजूद भी महापौर और पार्षदों के अलावा 200 से अधिक लोग पार्क में पहुंच चुके थे।
विज्ञापन
कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार ठीक समय पर दोपहर एक बजे गांधी पार्क पहुंचे। जबकि नवनिर्वाचित महापौर 1:30 बजे पहुंचीं। कमिश्नर शपथ ग्रहण समारोह की कार्यवाही शुरू करने ही वाले थे कि भाजपा के सभी पार्षद और नेताओं ने ठीक 1:40 बजे वंदेमातरम् गाना शुरू कर दिया।
जिसके बाद भाजपाइयों के साथ सभी अधिकारियों ने भी खड़े होकर वंदेमातरम गाया। लेकिन इस दौरान नवनिर्वाचित महापौर सुनीता वर्मा, उनके पति बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा, सभी बसपाई, सपा पार्षद और महापौर समर्थक वंदेमातरम् के सम्मान में खड़े नहीं हुए। इतना जरूर रहा कि वंदेमातरम् के दौरान हूटिंग नहीं हुई।
वीडियो : मेरठ में वंदे मातरम् पर कुर्सी से नहीं उठीं बीएसपी नेता तो मचा बवाल
वंदेमातरम् गायन समाप्त होते ही सियासी पारा चढ़ना शुरू हो गया। जहां भाजपाइयों ने जय श्रीराम और मोदी-मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिए तो वहीं बसपाइयों ने जय भीम, बसपा जिंदाबाद के नारे लगाए। इस बीच युवा सेवा समिति के पार्षद एवं कार्यकर्ताओं ने अल्लाह-हू-अकबर बोलना शुरू कर दिया। यह सब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही हुआ।
जिस पर कमिश्नर ने माइक संभाला और हूटिंग करने वालों को मेरठ के सम्मान की नसीहत देनी शुरू कर दी। उसके बाद जैसे-तैसे हंगामा शांत हुआ। कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार ने पहले महापौर सुनीता वर्मा को शपथ दिलायी। जिसके बाद महापौर सुनीता वर्मा ने सभी 90 पार्षदों को शपथ दिलायी।
भाजपाइयों ने शपथ ग्रहण समारोह में जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए कहा कि हिंदुस्तान में रहना है तो वंदेमातरम कहना होगा। समारोह स्थल छोड़ने समय सभी भाजपाइयों के इन शब्दों से टाउन हॉल गूंज गया।
विवाद के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि विकास की बात कीजिए, ध्यान मत भटकाइये
Vikas ki baat kijiye, mera dhyaan mat bhatkaiye: Meerut BSP Mayor Sunita Verma on question why she did not stand up when Vande Matram was being recited pic.twitter.com/S07IeOtbxK
— ANI UP (@ANINewsUP) December 12, 2017
महापौर ने नहीं पहना गाउन
महापौर सुनीता वर्मा ने शपथ ग्रहण करते समय गाउन नहीं पहना। नगर निगम प्रशासन ने उनका गाउन समय से पहले ही मंच पर उनकी कुर्सी के सामने मेज पर रखवा दिया था। शपथ से पहले निगम अधिकारियों ने महापौर को गाउन पहनने की सलाह भी दी। लेकिन महापौर ने नीले रंग की साड़ी पर लाल रंग का गाउन पहनने से इंकार कर दिया। गाउन न पहनना चर्चाओं का विषय बना रहा।
पढ़ें : महापौर समेत 70 पार्षदों को कमिश्नर ने दिलाई शपथ, बधाई देने वालों का लगा तांता
वंदेमातरम् के दौरान मुस्लिम महिला पार्षदों ने शपथ ग्रहण समारोह में तिरंगा फहराकर और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाकर देशभक्ति का परिचय दिया। साथ ही उन सभी लोगों के लिए भी यह नसीहत रही जो देश के सम्मान में सिर झुकाना पसंद नहीं करते हैं।
समारोह में राष्ट्रगान का अपमान
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राष्ट्रगीत वंदेमातरम् का ही अपमान करने का प्रयास नहीं किया गया बल्कि राष्ट्र गान के समय न तो सभी लोग खड़े ही हुए, और न ही सभी ने राष्ट्रगान गाया। इस दौरान ऐसे भी काफी लोग देखने को मिले।
महापौर पति को मंच पर नहीं मिला स्थान
शपथ ग्रहण समारोह में कानून का राज भी साफ दिखाई दिया। मंच पर कमिश्नर, महापौर, कैंट विधायक के अलावा तत्कालीन महापौर हरिकांत अहलूवालिया और नगरायुक्त रहे। महापौर पति एवं पूर्व विधायक योगेश वर्मा काफी देर तक मंच पर जाने का प्रयास करते रहे। लेकिन उन्हें मंच पर स्थान नहीं दिया गया। बाद में वह अपने भाई पवन वर्मा, बसपा के वरिष्ठ नेता मुरारी लाल कैन, जिलाध्यक्ष मोहित जाटव, महानगर अध्यक्ष कमल सिंह राय, जिला प्रभारी दिनेश काजीपुर, शाहजहां सैफी आदि के साथ मंच के सामने सोफे पर बैठ गए।
गांधी पार्क रौंद डाला
समारोह के दौरान महात्मा गांधी पार्क की हरियाली भी रौंद डाली गई। जहां भीड़ ने पार्क को तहस-नहस कर दिया, तो पौधों को नोंच डाला। शहर के बीच यही एक पार्क है, जहां आसपास के लोग मार्निंग वॉक करते हैं। इस पर नगरायुक्त का कहना है कि पार्क को पहले से भी सुंदर बना दिया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें