मेरठ। पांच दिन बाद बुधवार को सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भरमार रही। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 4263 मरीज तो जिला अस्पताल में 1852 मरीज उपचार कराने पहुंचे। दोनों अस्पतालों के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में कुल 6115 मरीज पहुंचे। पर्चा और दवा काउंटर पर दोपहर दो बजे बाद भी मरीजों की भीड़ लगी रही।
बीते शुक्रवार से मंगलवार तक त्योहार रहे। रविवार को सरकारी छुट्टी रही। बाकी दिन त्योहार होने के कारण यानी सुबह आठ बजे से दोपहर 11 बजे तक आधा दिन (हाफ डे) ओपीडी लगी। बुधवार को ओपीडी के खुलने के बाद मरीजों की कतारें लग गईं। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ज्यादा तादाद में थे। किसी को बुखार था तो किसी को नजला-खांसी। स्मॉग होने के कारण सांस और गले में जकड़न के भी काफी मरीज पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में सबसे ज्यादा मरीज पहुंचे। मेडिकल में दो दवा काउंटर बनाए गए हैं, जिन पर दोपहर दो बजे के बाद मरीजों की कतारें लगी रहीं। ऐसा ही हाल जिला अस्पताल का था, यहां भी मरीजों की लाइनें लगी हुई थीं।